संगठित कांग्रेस की जीत है घुमका : विपिन यादव

Share This :

राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान द्वारा जारी बयान में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव ने घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा की विजय को कांग्रेस संगठन की एकजुटता, सुनियोजित रणनीति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम बताया है।
विपिन यादव ने कहा कि घुमका का यह परिणाम केवल एक स्थानीय निकाय चुनाव का परिणाम नहीं है, बल्कि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले जनता का स्पष्ट राजनीतिक संदेश है। यह चुनाव एक प्रकार का सेमीफाइनल था, जिसमें जनता ने बता दिया है कि वह भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों एवं आम जनता की उपेक्षा से असंतुष्ट है। जनता का भाजपा से विश्वास लगातार कम हुआ है और कांग्रेस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की संगठित जीत है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बनाई गई रणनीति, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के बीच निरंतर सक्रियता का यह सकारात्मक परिणाम है। भाजपा नेताओं ने चुनाव के दौरान घुमका के मतदाताओं को हरसंभव तरीके से प्रभावित करने का प्रयास किया, लेकिन घुमका की जनता ने लोकतांत्रिक परिपम्ता का परिचय देते हुए कांग्रेस पार्टी और प्रत्याशी फूलमती वर्मा पर अपना विश्वास कायम रखा। यह परिणाम उसी अटूट जनविश्वास का प्रमाण है।
विपिन यादव ने कहा कि इस चुनाव में क्षेत्रीय विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व विधायकगण, वरिष्ठ कांग्रेसजन, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं कांग्रेस के सभी समर्पित साथियों ने पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया। बूथ स्तर से लेकर चुनाव संचालन तक सभी ने एक टीम के रूप में काम किया, जिसका परिणाम आज ऐतिहासिक विजय के रूप में सामने आया है।
उन्होंने घुमका की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश केवल नगर पंचायत चुनाव का परिणाम नहीं है, बल्कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की लोकतांत्रिक प्रतिक्रिया है। घुमका से निकला यह संदेश दूर तक जाएगा और आने वाले चुनावों में भी इसकी गूंज सुनाई देगी।