संविदा भर्ती में चयन के नाम पर धन मांगने वालों से सावधान रहें अभ्यर्थी

Share This :

राजनांदगांव। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की संविदा भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिला पंचायत ने अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जिला पंचायत ने स्पष्ट किया है कि भर्ती में चयन के नाम पर धनराशि मांगने वाले किसी भी व्यक्ति, एजेंट या बिचौलिये के झांसे में न आएं।
जिला पंचायत द्वारा जारी सूचना के अनुसार राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में जिला एवं विकासखंड स्तर के विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। प्रावधिक पात्र-अपात्र सूची, निरस्त आवेदनों की सूची तथा दावा-आपत्ति संबंधी जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
कार्यालय के संज्ञान में आया है कि कुछ अज्ञात एवं संदिग्ध व्यक्ति दूरभाष, सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से अभ्यर्थियों से संपर्क कर चयन कराने का प्रलोभन देते हुए धनराशि की मांग कर रहे हैं। जिला पंचायत ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में चयन के लिए किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जाती और पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है।
जिला पंचायत ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा भर्ती से संबंधित सभी अधिकृत सूचनाएं केवल राजनांदगांव जिले की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि चयन के नाम पर धनराशि मांगना और ऐसी राशि देना, दोनों ही भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी की श्रेणी में आने वाले दंडनीय अपराध हैं।