संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने ही लोकतंत्र का गला घोंटा : कोमल सिंह राजपूत

Share This :

राजनांदगांव। जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने संविधान गौरव दिवस के अवसर पर कहा कि कांग्रेस आज संविधान और लोकतंत्र की सबसे बड़ी पैरोकार बनने का ढोंग कर रही है, जबकि देश के लोकतांत्रिक इतिहास में कांग्रेस का कार्यकाल संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन के अनेक उदाहरणों से भरा पड़ा है। जिस कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया, वही आज संविधान की दुहाई देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

श्री राजपूत ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता और सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस दूरदर्शिता और समर्पण के साथ संविधान निर्माण में योगदान दिया, वह पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, आत्मसम्मान और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है। भाजपा सदैव उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए समय-समय पर संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास किया। आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जब देश में लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला गया, नागरिकों की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया गया। आज वही कांग्रेस संविधान की रक्षा का दिखावा कर रही है, जबकि देश की जनता उसके वास्तविक इतिहास से भली-भांति परिचित है।

श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संविधान के मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भारत रत्न से सम्मानित डॉ बाबा साहब की स्मृति में उनके महत्वपूर्ण पांच स्थल को पंच तीर्थ के रूप में भाजपा ने ही निर्माण किया है। संविधान दिवस और संविधान गौरव दिवस जैसे आयोजन नई पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतांत्रिक कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक समरसता और समानता के मूल्यों को सदैव सर्वोपरि रखा जाए। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर एक सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका निभाए, यही संविधान गौरव दिवस की सच्ची सार्थकता है।