संस्कार सिटी स्कूल में गरबा की धुन पर थिरके बच्चे और अभिभावक

Share This :

राजनांदगांव। नवरात्र पर्व के अवसर पर संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल में गरबा नाइट-2026 का आयोजन किया गया। बुधवार शाम पांच बजे से विद्यालय के ऑडिटोरियम प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गरबा और डांडिया की धुन पर बच्चों के साथ माता-पिता भी जमकर थिरके। इससे पूरा परिसर उत्सवी माहौल में रंग गया।

आयोजन के लिए विद्यालय परिसर को आकर्षक रोशनी, फूलों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया था। विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक चनिया-चोली, कुर्ता-पायजामा और पारंपरिक आभूषणों में नजर आए। क्रिस्टल ऑडियो के डीजे पर गरबा और डांडिया की धुन बजते ही प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ नृत्य शुरू किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया। विद्यार्थी वर्ग की बेस्ट परफॉर्मेंस प्रतियोगिता में जूनियर प्राथमिक स्तर पर तृषा बजरंग, माध्यमिक स्तर पर सुरभि राठौर और उच्चतर माध्यमिक स्तर पर शिखा जोशी विजेता रहीं।

अभिभावक वर्ग की बेस्ट परफॉर्मेंस प्रतियोगिता में काजल घरडे ने प्रथम, मेधा तिमवार ने द्वितीय और ज्योति सेन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बेस्ट कपल परफॉर्मेंस प्रतियोगिता में विक्रम सिंह एवं श्रद्धा सिंह की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शैलेष दमाहे एवं परी दमाहे द्वितीय तथा यशवंत साहू एवं तामेश्वरी साहू तृतीय स्थान पर रहे। बेस्ट कॉस्ट्यूम प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग से विक्रम सिंह और महिला वर्ग से कामता पैंकरा को विजेता चुना गया।

विद्यालय के प्रबंधक अतुल देशलहरा, आदित्य अग्रवाल एवं ऊहा अग्रवाल ने विजेता विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई देते हुए सभी को नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या रेखा तिवारी एवं निर्णायक मंडल ने विजेताओं को प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। प्राचार्या ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही अभिभावकों और विद्यालय के बीच संबंधों को मजबूत बनाते हैं।

उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में सभी ने सामूहिक गरबा किया और प्रसाद एवं स्वल्पाहार ग्रहण किया।