साफ-सफाई के साथ निर्माणाधीन एसटीपी का आयुक्त ने किया निरीक्षण, मोहारा एनीकट में जलस्तर की ली जानकारी

Share This :

राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने शनिवार को नंदई-मोहारा रोड क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का जायजा लेते हुए मोहारा एनीकट में जलभराव की स्थिति की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने मोहारा मेन रोड की सफाई व्यवस्था देख संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिवाइडर के दोनों ओर नियमित रूप से सफाई कर कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने डिवाइडर पर चल रहे पेंटिंग कार्य का अवलोकन करते हुए कहा कि दोनों ओर एक समान रंग-रोगन किया जाए, जिससे सड़क की सुंदरता में एकरूपता दिखाई दे।

निरीक्षण के दौरान नालों का पानी किसानों के खेतों में जाने की शिकायत पर आयुक्त मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

इसके पश्चात मोहारा पुलिया के पास निर्माणाधीन 26 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने प्लिंथ लेवल तक पहुंचे निर्माण कार्य की प्रगति देख संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के गंदे पानी के शोधन एवं पुनः उपयोग के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः कार्य में गति लाकर इसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने मोहारा एनीकट का भी निरीक्षण कर रॉ-वॉटर उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली। उप अभियंता श्री युवराज कोमरे ने बताया कि वर्तमान में एनीकट में लगभग तीन फीट जलस्तर कम हो गया है, जिसे संतुलित रखने के लिए मटिया मोती जलाशय एवं मोगरा बैराज से लगातार जल आपूर्ति की जा रही है, जिससे पर्याप्त जल संग्रहण सुनिश्चित हो रहा है।

आयुक्त ने शहर की पेयजल व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा नागरिकों को पर्याप्त एवं शुद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।