सीएम हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण, शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर

Share This :

राजनांदगांव। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान को लेकर छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण फीडबैक माध्यम है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था जनसेवा की दिशा में एक सशक्त और अभिनव पहल है, जो शासन को जनता से सीधे जोड़ती है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा और वनमंडलाधिकारी श्री आयुष जैन भी मौजूद रहे। वहीं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण से जुड़े।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता, तत्परता और सक्रियता अनिवार्य रूप से अपनाई जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पुलिस, पंचायत सहित अन्य विभागों में विशेष टीमें बनाकर शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं का समाधान करने और नई प्रणाली को गंभीरता से अपनाने की बात कही।

प्रशिक्षण में सुशासन अभिसरण विभाग के सलाहकार श्री आरएस शर्मा ने बताया कि शिकायतों के समाधान के बाद नागरिकों से फीडबैक लिया जाएगा, जो इस प्रणाली की सबसे बड़ी ताकत होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायतकर्ता समाधान से असंतुष्ट होता है तो शिकायत स्वतः पुनः सक्रिय हो जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी।

सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ श्री सौरभ श्रीकांत ने बताया कि नागरिक 24×7 टोल फ्री नंबर 1076, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। हर शिकायत को एक विशिष्ट पहचान संख्या मिलेगी, जिससे शिकायत की स्थिति और प्रगति की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रणाली रियल टाइम मॉनिटरिंग पर आधारित होगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी। इसकी निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जाएगी, जिससे शिकायतों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।