राजनांदगांव। प्रदेश में जारी ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के लिए वार्ड स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को ठा. प्यारेलाल सिंह स्कूल में वार्ड क्रमांक 16, 17, 18, 19 एवं 23 के लिए जन समस्या निवारण शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे वार्डवासियों ने अपनी मांग और शिकायतों से संबंधित कुल 126 आवेदन प्रस्तुत किए।
मांग के 106 और शिकायत के 20 आवेदन प्राप्त
शिविर में नगर निगम सहित शासन के विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए थे। दिनभर चले इस आयोजन में कुल 126 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 106 आवेदन विभिन्न मांगों (निर्माण, राशन कार्ड, पट्टा आदि) से संबंधित थे, वहीं 20 आवेदन शिकायतों के रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवेदनों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों का सम्मान और हितग्राही लाभ
शिविर के दौरान शासन की योजनाओं का लाभ भी मौके पर दिया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मेडल प्राप्त करने वाले स्थानीय खिलाड़ियों— शिवम देवांगन, खिलेन्द्र सेन और रोहनी यादव को अतिथियों ने शासन द्वारा प्रदत्त 21 हजार रुपये की राशि और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा:
समाज कल्याण: दीपेश यादव को छड़ी का वितरण किया गया।
परिवहन विभाग: 3 हितग्राहियों को ड्राइविंग लाइसेंस वितरित किए गए।
स्वास्थ्य: आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
खुशियों के पल: गोदभराई और अन्नप्राशन
शिविर केवल शिकायतों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहाँ सामाजिक सरोकार के दृश्य भी दिखे। अतिथियों ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन (मुहजुठी) कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपस्थिति: शिविर में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह, नेताप्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, राजस्व प्रभारी राजा माखीजा, पार्षद संगीता देवांगन, रेखा पारख, संदीप बघेल, शिव वर्मा, संतोष साहू और कार्यपालन अभियंता यू.के. रामटेके सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
