सुशासन तिहार : लखोली शिविर में उमड़ा जनसैलाब, गर्मी के बावजूद पहुंचे सैकड़ों लोग

Share This :

राजनांदगांव। सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित वार्ड स्तरीय जन समस्या निवारण शिविरों की कड़ी में आज लखोली स्कूल मैदान में बड़ा शिविर संपन्न हुआ। श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र लखोली में आयोजित इस शिविर में आस-पास के 7 वार्डों (वार्ड क्रमांक 30 से 36) के नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। नौतपा की तपती गर्मी और शासकीय अवकाश का दिन होने के बावजूद वार्डवासियों का उत्साह देखते ही बनता था। शिविर में कुल 326 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मांग के 290 और शिकायत के 36 आवेदन शामिल हैं।

शिविर में मुख्य रूप से नया राशन कार्ड, श्रमिक कार्ड पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और महतारी वंदन योजना का केवाईसी (KYC) अपडेट कराने के लिए महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर श्री मधुसूदन यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।

हितग्राहियों को मिले लोन सर्टिफिकेट, हुई गोदभराई
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने शिविर में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और मौके पर ही कई हितग्राहियों को लाभान्वित किया। उन्होंने ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के तहत टिफिन सेंटर खोलने के लिए लखोली निवासी श्रीमती तोमिन साहू को बैंक ऑफ महाराष्ट्र के माध्यम से स्वीकृत 25 हजार रुपये और श्रीमती हेमा हुमने को किराना दुकान के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से स्वीकृत 15 हजार रुपये के ऋण का प्रमाण पत्र सौंपा। इसके साथ ही शिविर में तत्काल अपने राजस्व कर का भुगतान करने पर राजीव नगर निवासी श्री कन्हैया लाल को सम्मानित किया गया।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की गई, वहीं स्वास्थ्य व आयुष चिकित्सा विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां बांटी गईं।

नागरिकों का बढ़ रहा विश्वास: महापौर
महापौर श्री यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को हल करने का यह अभियान रंग ला रहा है। सुशासन तिहार के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, निराश्रित पेंशन, बिजली और पानी जैसी जनसमस्याओं से जुड़े आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाएगा, जबकि निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने छुट्टी के दिन भी मुस्तैदी से डटे अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की।

जनप्रतिनिधियों ने संभाली कमान, अगला शिविर 3 जून को
शिविर को सफल बनाने में स्थानीय पार्षदों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य व पार्षद श्री डिलेश्वर साहू, श्रीमती रीना सिन्हा, श्रीमती गिरजा निर्मलकर, श्री संतोष साहू, श्रीमती मोहनी भारती, श्रीमती चंद्रिका साहू, वरिष्ठ पार्षद श्री शिव वर्मा सहित कई पूर्व पार्षद और पार्षद प्रतिनिधि मौजूद रहकर लोगों की मदद करते नजर आए।

निगम प्रशासन ने बताया कि जन समस्या निवारण के तहत अगला शिविर आगामी 3 जून (बुधवार) को दिग्विजय कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। यह शिविर महावीर वार्ड नंबर 37 और दिग्विजय वार्ड नंबर 38 के नागरिकों के लिए होगा।