सेवा संकल्प अभियान : पेंड्री में स्वच्छता, पौधरोपण और जल संरक्षण का दिया संदेश

Share This :

राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को पेण्ड्री स्थित गार्डन एवं तालाब परिसर में किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों और गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा के बाइकर्स ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वडनगर से आए राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय एवं महापौर मधुसूदन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने झाड़ू उठाकर परिसर की साफ-सफाई की और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

इंजेक्शन वेल तकनीक से समझा जल संवर्धन
कार्यक्रम के दौरान तालाब के समीप निर्मित इंजेक्शन वेल का अवलोकन किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने बाइकर्स व नागरिकों को बताया कि किस प्रकार इंजेक्शन वेल के माध्यम से वर्षा जल को सीधे भू-जल स्तर तक पहुंचाकर वाटर टेबल को रिचार्ज किया जाता है। इस दौरान भविष्य के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जनभागीदारी को अनिवार्य बताया गया।

समारोह के अंत में उपस्थित नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छ, हरित एवं जल-समृद्ध राजनांदगांव के निर्माण में अपना निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।