सेवा सेतु शिविर : पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही मिला शासकीय योजनाओं का लाभ, बंटी राशन व आयुष्मान कार्ड

Share This :

राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और उन तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सशक्त जरिया बन रहा है। इसी कड़ी में रविवार को जनपद पंचायत राजनांदगांव परिसर में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

शिविर के दौरान नागरिकों से विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित कुल 189 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई की गई।

पीएम आवास की चाबी पाकर खिले चेहरे
सेवा सेतु शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और पक्के मकान की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई, जिसे पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके साथ ही कई परिवारों को नए राशन कार्ड तथा स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण भी किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, महिलाओं की हुई गोद भराई
अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास और सामाजिक सरोकारों को विशेष प्राथमिकता दी गई। शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गर्भवती महिलाओं का गोद भराई कार्यक्रम भी गरिमामय ढंग से संपन्न कराया गया।

एक ही मंच पर मिलीं तमाम विभागीय सेवाएं
शिविर में एक ही स्थान पर सभी प्रमुख विभागों के स्टॉल मौजूद होने से ग्रामीणों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली। इससे ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को जमीनी स्तर पर मजबूती मिली है।

इस अवसर पर जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती लता सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, सीईओ मनीष साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।