राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा 4 जून को डीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा जिले के 22 केंद्रों में आयोजित होगी, जिसमें 6712 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जानकारी के अनुसार परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9.30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। इसके बाद केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे और किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
व्यापम के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, बैग, इयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, धातु की वस्तुएं तथा किसी भी प्रकार की नकल सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा में केवल नीले या काले रंग के बॉल पेन का उपयोग किया जा सकेगा।
परीक्षार्थियों को आधी बांह वाले सादे एवं हल्के रंग के वस्त्र पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग महिला पुलिस कर्मियों तथा पुरुष अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि प्रवेश, फ्रिस्किंग और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रारंभ कर दी जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल, नोडल अधिकारी, पुलिस नोडल अधिकारी और पर्यवेक्षक दल तैनात किए गए हैं, जो परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निरीक्षण करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा संचालन में सहयोग करने की अपील की है।
