डोंगरगांव। थाना डोंगरगांव क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग युवतियों को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों किशोरियों के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 जून को थाना डोंगरगांव क्षेत्र के एक गांव से दो नाबालिग युवतियों के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना मिली थी। मामले में थाना डोंगरगांव में धारा 137 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर युवतियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन और पूछताछ अभियान चलाया।
पुलिस की सक्रियता के चलते 20 जून को दोनों नाबालिग युवतियों को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे अपने रिश्तेदारों के यहां घूमने चली गई थीं। उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अपराध नहीं हुआ है।
पुलिस ने दोनों किशोरियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख तथा सुरेश राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tuesday, June 23, 2026
Offcanvas menu
