राजनांदगांव। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब और मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने सिंगदई वार्ड क्रमांक-50 निवासी 26 वर्षीय प्रणय कुंजाम को अवैध रूप से शराब परिवहन एवं बिक्री करते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 85 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 15.300 बल्क लीटर मदिरा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-08-7667 जब्त की गई। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 36 हजार 800 रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी जिला बालोद और थाना बसंतपुर में आबकारी एवं चोरी से संबंधित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, सहायक उपनिरीक्षक गोवर्धन देशमुख, आरक्षक राजेश्वर बंदेश्वर एवं रूपेंद्र वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
