राजनांदगांव। नगर निगम राजनांदगांव के नव निर्वाचित महापौर मधुसूदन यादव सहित नव निर्वाचित पार्षदों को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में 8 मार्च 2025 को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधीश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल शपथ दिलायेंगे।
शपथ कार्यक्रम के संबंध में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत नगर निगम राजनांदगांव के लिये महापौर तथा पार्षदों का निर्वाचन कराया गया। निर्वाचन मतगणना के परिणाम 15 फरवरी 2025 को घोषित किया गया। परिणाम उपरांत छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य पत्र में 24 फरवरी 2025 को नव निर्वाचित महापौर एवं 51 वार्ड के नव निर्वाचित पार्षदों के नाम अधिसूचित किया गया। जिसके उपरांत महापौर एवं पार्षदों को शपथ लिया जाना है।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि दिनांक 8 मार्च 2025, दिन-शनिवार को प्रातः 10 बजे पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नवनिर्वाचित महापौर सहित पार्षदों को शपथ दिलायेंगे। शपथ के लिये नव निर्वाचित महापौर एवं पार्षदों को सूचित किया गया है। उन्होंने नव निर्वाचित महापौर एवं नव निर्वाचित पार्षदों सहित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों व पत्रकार बंधुओं से उक्त कार्यक्रम में निर्धारित स्थल व समय में उपस्थिति की अपील की है।
Sunday, May 17, 2026
Offcanvas menu
