मोदी सरकार के जीएसटी सुधार से भारत जल्द बनेगा तीसरा महाशक्ति : सचिन सिंह बघेल

Share This :

राजनांदगांव। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किए गए जीएसटी सुधारों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक सशक्तिकरण की ओर अग्रसर है और आने वाले कुछ वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी महाशक्ति बनकर उभरेगा।
श्री बघेल ने कहा कि जीएसटी सुधार का सबसे बड़ा लाभ आम नागरिक को मिलेगा।

अब तक लोगों को अनेक वस्तुओं और सेवाओं पर ज्यादा टैक्स देना पड़ता था लेकिन नवरात्रि से लागू होने वाले नए प्रावधानों के तहत टैक्स स्लैब को घटाकर केवल दो कर दिया गया है। इससे दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुएँ सस्ती होंगी और आम आदमी की बचत में बढ़ोत्तरी होगी। किसानों के लिए यह सुधार सहारा और संबल साबित होंगे। कृषि उपकरणों पर लगने वाला टैक्स कम कर दिया गया है जिससे खेती की लागत घटेगी और किसानों का बोझ हल्का होगा।

उन्होंने कहा कि यह कदम किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में एक ठोस पहल है।सुधारित जीएसटी व्यवस्था से छोटे व्यापारी और उद्योगपति भी लाभान्वित होंगे। टैक्स संरचना सरल होने से व्यापार करना आसान होगा। इससे मेक इन इंडिया स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों को गति मिलेगी। छोटे व मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बीमा सेवाओं सहित कई अन्य आवश्यक सेवाओं पर टैक्स में कटौती की गई है। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सुरक्षा कवच प्राप्त होगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

मोदी सरकार के सुधार केवल देश की आंतरिक व्यवस्था को ही नहीं बदलेंगे। बल्कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को भी नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। आने वाले समय में भारत अमेरिका और चीन के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी महाशक्ति के रूप में स्थापित होगा। मोदी सरकार ने हमेशा गरीब, किसान, युवा और व्यापारी वर्ग को ध्यान में रखकर नीतियाँ बनाई हैं। जीएसटी सुधार उसी श्रृंखला का हिस्सा है जो देश को आर्थिक रूप से सशक्त और विश्व पटल पर अग्रणी बनाने का काम करेगा।