बजट या जुमलों की पतंग? भूपेश बघेल का तीखा हमला, बोले– जनता काट देगी वादों की डोर”

Share This :

रायपुर (नांदगांव टाइम्स) । छत्तीसगढ़ विधानसभा में पेश किए गए राज्य बजट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बजट की तुलना “पतंग उड़ाने” की क्रमिक घोषणाओं से करते हुए सरकार पर वादों की राजनीति करने का आरोप लगाया।

बघेल ने अपने बयान में तंज कसते हुए लिखा कि पिछले बजट में पतंग उड़ाने की घोषणा की गई थी, इस बजट में पतंग के “कन्ने बांधने” की बात हो रही है, अगले बजट में “माँझा बांधने” का ऐलान होगा और फिर कभी पतंग उड़ाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अंततः जनता ही इन जुमलों की पतंग काट देगी।

बजट प्रस्तुति पर भी सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि वित्तमंत्री द्वारा देर से पेश किया गया बजट गंभीरता से अधिक औपचारिकता का दस्तावेज प्रतीत हुआ। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाषण ऐसा लग रहा था मानो “ट्रकों के पीछे लिखी शायरी” पढ़ी जा रही हो।बघेल ने सरकार की नीतिगत समझ और प्रशासनिक तैयारी पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए इसे “अज्ञानता से प्रदेश की दुर्गति” करार दिया।

ChatGPT बजट’ पर तंज

अपने बयान में उन्होंने बजट को “ChatGPT से लिखा गया बजट” बताते हुए कहा कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तो दिखा, लेकिन न सरकार की बुद्धिमत्ता और न अधिकारियों की गंभीरता नजर आई।

बघेल ने दावा किया कि मौजूदा हालात में केवल कांग्रेस ही प्रदेश के लिए वास्तविक “विकल्प” है। उन्होंने कहा कि जनता का विवेक सर्वोपरि है और समय आने पर वही निर्णय करेगी।