चैत्र नवरात्रि मेले से पहले पदयात्रियों की सुविधा को लेकर युद्ध स्तर पर सफाई और व्यवस्थाएं

Share This :

राजनांदगांव। माँ बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि पर्व के मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्री मार्गों पर युद्ध स्तर पर साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं का कार्य किया जा रहा है।

प्रमुख मार्ग मोतीपुर-सुकुलदैहान-मुसरा-अछोली-डोंगरगढ़ पर झाड़ू लगाई जा रही है, पेड़ों और पुल-पुलियों की पुताई की जा रही है, और जंगल-झाड़ी की सफाई कराई जा रही है।

अन्य प्रमुख मार्ग जैसे तुमड़ीबोड़-राका-बधियाटोला-डोंगरगढ़, खैरागढ़-ढारा-डोंगरगढ़-चिचोला, डोंगरगढ़-बोरतलाव, गाजमर्रा-राजकट्टा और कोलिहापुरी-मेंढ़ा-मुरमुंदा पर भी साफ-सफाई के साथ सावधानी सूचक सूचना बोर्ड, संकेतक बोर्ड, हेजार्ड मार्कर और पेड़ों में ट्री-स्टड्स लगाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

लोक निर्माण विभाग ने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में बांस-बल्ली से जिगजैग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की है और स्पीड ब्रेकरों की रंगाई-पुताई कर बेहतर यातायात नियंत्रण सुनिश्चित किया है। मेले के दौरान भारी भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी पहले वर्षों की तरह की जाएगी।

इन व्यवस्थाओं के चलते लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन का लाभ मिलेगा।