एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ, 23 किशोरी बालिकाओं को लगा वैक्सीन

Share This :

राजनांदगांव। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिले में एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ जिला चिकित्सालय राजनांदगांव से किया गया। शुभारंभ दिवस पर कुल 23 किशोरी बालिकाओं को टीका लगाया गया।

जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए कुल 32 स्वास्थ्य केंद्रों को चिन्हांकित किया गया है, जहां लगभग 10,500 लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाएगा। इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र प्रसाद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकर सहित अन्य अधिकारी, स्टाफ और मितानीन उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसरों में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। इसे रोकने के लिए 14 से 15 वर्ष की किशोरियों का नि:शुल्क एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। अभिभावक युवीन पोर्टल के माध्यम से अपनी किशोरियों का पंजीकरण करा सकते हैं।

टीकाकरण के बाद हल्का दर्द, सूजन, लालिमा या बुखार जैसे सामान्य प्रभाव हो सकते हैं, जो 2–3 दिनों में सामान्यत: ठीक हो जाते हैं। सभी लाभार्थियों को 30 मिनट तक ऑब्जर्वेशन रूम में रखा जाएगा।

डॉ. नेतराम ने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और विश्वभर में करोड़ों लोगों को लगाया जा चुका है। टीकाकरण सत्र चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे; पहचान पत्र न होने पर माता-पिता द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी स्वीकार्य है।