राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पीएम सूर्याघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजना के प्रभावी और त्वरित क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि यह योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता, घरेलू बिजली बचत और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आवेदन से लेकर वेंडर चयन, इंस्टॉलेशन और सब्सिडी वितरण तक सभी चरणों में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटान और शेष इंस्टॉलेशन कार्य समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने वेंडरों को सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने और बैंक अधिकारियों को सब्सिडी क्लेम के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को आवेदन, इंस्टॉलेशन और सब्सिडी प्रक्रिया की जानकारी देने कहा गया।
बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 8,831 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4,145 में वेंडर चयन किया जा चुका है, 1,839 इंस्टॉलेशन पूर्ण हो चुका है और 1,136 प्रकरणों में सब्सिडी वितरण किया जा चुका है।
अपर कलेक्टर ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति (बीएलबीसी) की बैठकों में इस योजना को स्थायी एजेंडा के रूप में शामिल किया जाए, ताकि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। इस योजना को जिले में मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों के समन्वित प्रयास और सक्रिय सहयोग आवश्यक है।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री अनिकेत साहू, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।
