गांजा परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार, 5.610 किलो गांजा और मोटरसाइकिल जप्त

Share This :

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए गए अभियान में मोहित उर्फ मोंटू मालेकर और विधि से संघर्षरत एक 16 वर्षीय बालक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 23 अप्रैल 2026 को जेल रोड चौथान मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपीयों को मोटरसाइकिल से गांजा परिवहन करते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से कुल 5.610 किलोग्राम गांजा और मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08-बीडी 5014 जप्त की गई। कुल जप्ती की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई।
आरोपी मोहित उर्फ मोंटू मालेकर के विरुद्ध पहले भी 10 अलग-अलग प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हथियार अधिनियम, चोरी, डकैती, हिंसा और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
थाना डोंगरगढ़ के उप पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) सुमन जायसवाल और निरीक्षक संतोष जायसवाल के नेतृत्व में कार्रवाई में सउनि धनलाल सिन्हा और आरक्षकों युगेंद्र देशमुख, अविलेश, महेश कुर्रे, राम खिलावन सिन्हा और मिथलेश पटेल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया और उनके खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।