राजनांदगांव में सुशासन तिहार : डॉ. रमन सिंह ने 4.5 करोड़ के 115 विकास कार्यों का किया लोकार्पण

Share This :

राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज सुशासन तिहार 2026 के तहत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मुड़पार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 4 करोड़ 50 लाख 59 हजार रुपये के 115 विकास कार्यों का लोकार्पण किया और ग्राम मुड़पार से खरखरा नदी तक 2 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 1 मई से 10 मई तक चल रहे सुशासन तिहार के तहत गांव-गांव में हेलीकॉप्टर से पहुंच कर ग्रामीणों का हालचाल ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का कार्यान्वयन और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

डॉ. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख से अधिक नए आवासों की स्वीकृति दी गई है। राजनांदगांव जिले में अब तक 10,304 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 6,447 आवास पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मंडी बोर्ड और राजस्व विभाग से क्रमशः 12 करोड़ और 11 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने प्रशासकीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में 62 शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक 5 हजार मांग और 115 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.5 के तहत 7,119 गैस कनेक्शन दिए गए हैं और 42 हजार महिलाएं “लखपति दीदी” बनी हैं।

इस मौके पर लोकार्पित विकास कार्यों में मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास, विधायक निधि, जिला खनिज न्यास, हाट-बाजार विकास, सांसद निधि, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास प्राधिकरण समेत कुल 15 योजनाओं के कार्य शामिल हैं।

शिविर में आरबीसी 6-4 योजना के तहत ग्राम सोमनी के श्रीमती सरोज निषाद और श्री ईश्वरदास को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला अंडी के कक्षा 10वीं व 12वीं के प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पोट्ठ लईका पहल के तहत चार बच्चों को सुपोषण किट प्रदान की गई। दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शाल-श्रीफल से सम्मानित किया गया। दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल वितरित किए गए और ग्राम धामनसरा स्वच्छता समिति को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

डॉ. रमन सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी मांग और शिकायतों के आवेदन शिविर में प्रस्तुत करें ताकि उनका समाधान शीघ्र किया जा सके। उन्होंने प्रदेश को अग्रणी बनाने और राजनांदगांव जिले को विकसित करने का संकल्प दोहराया।