कलेक्टर ने बैंकों को अधिक से अधिक ऋण देने का निर्देश दिया

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मार्च 2026 तिमाही के लिए 188वीं जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएससीसी) एवं जिला परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत जनमानस को लाभान्वित करने के लिए बैंकों को अधिक से अधिक ऋण देने का निर्देश दिया।

कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं के लिए आवेदकों के ऋण यथाशीघ्र स्वीकृत किए जाएँ। उन्होंने बैंकवार पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा की और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी लंबित आवेदन इस माह के अंत तक प्राथमिकता से निपटाए जाएँ।

कलेक्टर ने सभी बैंक प्रमुखों से कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को ऋण त्वरित और सुविधाजनक तरीके से प्रदान किया जाए। इसके साथ ही अन्य व्यवसायी विभाग की पीएम अभ्युदय योजना में इस वित्तीय वर्ष के लक्ष्य पूरा होने पर गति लाने पर जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, निष्क्रिय बैंक खाता, एनआरएलएम एंटरप्राइज फाइनेंस, महिला स्वसहायता समूह लिंकेज, पीएमईजीपी, पीएमएमई, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मछलीपालन, पशुपालन और डेयरी के सीसी ऋण सहित सभी शासकीय योजनाओं की समीक्षा की।

भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर के मैनेजर श्री अविनाश कुमार टोप्पो ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के नवीनीकरण के लिए लीड बैंक और संबंधित शाखाओं को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीमा का नवीनीकरण इस माह के भीतर पूरा होना चाहिए।

जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत महिला स्वसहायता समूहों को अधिक से अधिक ऋण प्रदान करने और लाभान्वित करने पर जोर दिया।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, लीड बैंक मैनेजर श्री मुनीष शर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।