मनीष के सपनों को लगे ‘मोटर’ वाले पंख, विस अध्यक्ष ने सौंपी ट्रायसायकल

Share This :

राजनांदगांव। शासन की संवेदनशीलता और ‘सुशासन तिहार’ के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर अब जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव की नई इबारत लिख रहे हैं। एक ऐसा ही भावुक कर देने वाला दृश्य ग्राम पंचायत मुड़पार के शिविर में देखने को मिला, जहाँ राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सिंघोला निवासी दिव्यांग युवक मनीष साहू की बरसों पुरानी राह आसान हो गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मनीष को अपने हाथों से मोटराईज्ड ट्रायसायकल प्रदान की, जिसे पाकर माँ-बेटे के चेहरे खुशी से खिल उठे।

संघर्षपूर्ण थी डगर, माँ का था सहारा
दोनों पैरों से दिव्यांग मनीष साहू के लिए घर की चौखट लांघना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। दैनिक कार्यों, डॉक्टर के पास जाने या बाजार तक पहुँचने के लिए उन्हें पूरी तरह दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। मनीष की माँ श्रीमती अनीता साहू को अपने जवान बेटे को कई बार गोद में उठाकर बाहर ले जाना पड़ता था। यह स्थिति न केवल शारीरिक रूप से कष्टदायक थी, बल्कि मानसिक रूप से भी माँ-बेटे के लिए पीड़ाजनक थी।

आवेदन पर तत्काल हुई कार्रवाई
श्रीमती अनीता साहू ने बताया कि उन्होंने सुशासन तिहार शिविर में अपने पुत्र की इस तकलीफ को दूर करने के लिए मोटराईज्ड ट्रायसायकल की मांग करते हुए आवेदन दिया था। शासन-प्रशासन की मुस्तैदी का आलम यह रहा कि आवेदन पर तत्काल विचार किया गया और शिविर स्थल पर ही विधानसभा अध्यक्ष के हाथों मनीष को वाहन उपलब्ध करा दिया गया।

बढ़ा आत्मविश्वास, अब खुद तय करेंगे सफर
ट्रायसायकल मिलने के बाद मनीष का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ नजर आया। अब उन्हें अस्पताल या बाजार जाने के लिए किसी की मदद का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। माँ अनीता साहू ने भावुक होते हुए कहा, “अब मेरे बेटे को मुझे गोद में नहीं उठाना पड़ेगा, वह खुद अपनी गाड़ी से कहीं भी आ-जा सकेगा। शासन की यह सहायता हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है।”