राजनांदगांव। प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे परिवारों के जख्मों पर मरहम लगाने के उद्देश्य से शासन ने संवेदनशीलता दिखाई है। बुधवार को ग्राम पंचायत मुड़पार में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ शिविर के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उन परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की, जिन्होंने बीते दिनों आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अपनों को खो दिया था। डॉ. सिंह ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक सौंपे।
सोमनी के प्रभावित परिवारों को मिली राहत
विगत दिनों ग्राम सोमनी में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की दुखद घटना में दो नागरिकों की असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस प्राकृतिक आपदा के बाद जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत प्रकरण तैयार किया। मुड़पार शिविर के मंच पर डॉ. रमन सिंह ने मृतक के परिजनों श्रीमती सरोज निषाद एवं श्री ईश्वरदास को स्वीकृत सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
त्वरित न्याय और राहत पर जोर
चेक वितरण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा, “प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को बिना किसी विलंब के त्वरित राहत उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूर्ण कीं, ताकि प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके।” उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
शिविर में इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, संतोष अग्रवाल, सौरभ कोठारी, रोहित चंद्राकर, सुमीत उपाध्याय और भावेश बैद विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, डीएफओ आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह एवं अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
