राजनांदगांव। पुलिस की सटीक और तेज़ कार्रवाई के चलते शहर में हुई बड़ी चोरी का मामला सुलझ गया। थाना सिटी कोतवाली एवं सायबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामले के मुख्य आरोपी सागर घोड़के (29) और कुणाल जाधव (26) पुणे से जबलपुर के रास्ते राजनांदगांव लाए गए। तीसरे आरोपी विपुल विटकर (21) को पुणे से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त अर्टिगा कार (एम0एच0 12 व्ही.जेड. 7339) भी पुलिस ने जप्त की, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है।
चोरी का पूरा मामला
दिनांक 30 अप्रैल की रात 9 बजे से 1 मई की सुबह 5 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने आर.सी.एम. इंटरप्राइजेस और गोदाम अनमोल परिसर, पुराना रेस्ट हाउस, राजनांदगांव में रखे सिगरेट के कई कार्टून चोरी कर लिए। चोरी गई वस्तुओं की कुल कीमत लगभग 11.90 लाख रुपए बताई गई है।
प्रार्थी राहुल तेजवानी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 234/2026 दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और अलेक्जेण्डर किरों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की पूरी वारदात स्वीकार की। मुख्य आरोपी विक्रम सिंह राजपूत की अभी भी तलाश जारी है।
पुलिस की सराहनीय कार्यवाही
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह, प्रभारी सायबर सेल निरीक्षक विनय पम्मार, निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, उप निरीक्षक नरेश कुमार बंजारे, और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि चोरी और अपराध से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए तुरंत स्थानीय थाने या सायबर सेल से संपर्क करें।
