राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों की बैठक ली। कलेक्टर ने सभी संचालकों से नियमों के अनुसार पेट्रोल और डीजल की बिक्री करने और जमाखोरी से बचने का निर्देश दिया।
कलेक्टर ने कहा कि रिटेल पंप से औद्योगिक काम के लिए पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाना चाहिए। इसके लिए सभी संचालकों को सेंसेटाईज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति निरंतर हो रही है और किसी प्रकार की संकट की स्थिति नहीं है।
बैठक में कलेक्टर ने आवश्यकतानुसार नियमों के तहत ईंधन देने, ईंधन की बचत का ध्यान रखने और आपूर्ति एवं मांग के अनुसार मूल्य निर्धारण करने के निर्देश दिए। साथ ही संचालकों को इसका विवरण खाद्य विभाग को देने को कहा गया।
कलेक्टर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की निगरानी की जाएगी और नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, खाद्य अधिकारी श्री रविन्द्र सोनी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
