घुमका में गरजे भूपेश बघेल, बोले— “किसानों की दुश्मन बन चुकी है सरकार”

Share This :

कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा के समर्थन में सभा, बिजली दर वृद्धि, खाद संकट और धान चोरी को लेकर साधा निशाना

राजनांदगांव/घुमका (नांदगांव टाइम्स) । नगर पंचायत चुनाव के प्रचार ने अब पूरी तरह जोर पकड़ लिया है। 1 जून को होने वाले मतदान से पहले गुरुवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घुमका पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।

सभा में भूपेश बघेल ने प्रदेश की विष्णु सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों की दुश्मन बन चुकी है और किसान आज खाद, बिजली और धान खरीदी जैसी समस्याओं से परेशान हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय राशन दुकानों में मिलने वाले चावल की मात्रा बढ़ाकर गरीब परिवारों को राहत दी गई थी। उन्होंने कहा, “पहले लोगों को 7 किलो चावल मिलता था, हमारी सरकार ने उसे बढ़ाकर 35 किलो किया।”उन्होंने प्रदेश में खाद संकट को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

बिजली व्यवस्था को लेकर भी भूपेश बघेल ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि विष्णु सरकार अब तक तीन बार बिजली दर बढ़ा चुकी है, जबकि दूसरी ओर प्रदेश में लगातार बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने सभा में कहा, “जहां-जहां मैं सभा लेने जाता हूं, वहां बिजली गोल हो जाती है।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।

भूपेश बघेल ने प्रदेश में धान की चोरी और खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की मेहनत और धान की सुरक्षा दोनों पर सरकार नियंत्रण नहीं रख पा रही है।