राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महासचिव आफताब आलम ने कहा कि घुमका में कांग्रेस की यह जीत विशेष रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा तैयार की गई निर्णायक रणनीति और स्थानीय स्तर पर कांग्रेस नेता विपिन यादव एवं उनकी पूरी टीम के अथक परिश्रम, समर्पण और जनसंपर्क अभियान की सफलता का प्रतिफल है। चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर जनता की आवाज को सुना और कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सभी के सामने है।
श्री आलम ने कहा कि घुमका की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह विकास, पारदर्शिता, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की राजनीति के साथ खड़ी है। यह जनादेश केवल नगर पंचायत तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की बदलती राजनीतिक दिशा का संकेत भी है। जनता ने कांग्रेस के प्रति अपने विश्वास को पुनः व्यक्त करते हुए यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस ही आम लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं का वास्तविक प्रतिनिधित्व करती है।
श्री आलम ने कहा कि कांग्रेस की यह विजय प्रदेश में सत्ता वापसी की शुरुआत है। घुमका से जो जनविश्वास और जनसमर्थन की लहर शुरू हुई है, वह आने वाले समय में पूरे प्रदेश में और अधिक मजबूत होगी। कांग्रेस पार्टी प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में जनता के मुद्दों महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, युवाओं के भविष्य और सामाजिक न्याय को लेकर संघर्ष करती रहेगी।
श्री आलम ने कहा कि हम नगर पंचायत घुमका के सभी मतदाताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं, युवा साथियों तथा महिला कांग्रेस की बहनों का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस विजय को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह जीत कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और जनता के अटूट विश्वास की जीत है।
दीपक बैज की निर्णायक रणनीति से मिली जीत : आफताब आलम
