घुमका में कांग्रेस की जीत, जनता का करारा जवाब : अनीस खान

Share This :

राजनांदगांव। घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा की शानदार विजय पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान ने कहा कि यह जीत भाजपा की डबल इंजन सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के जनादेश की स्पष्ट अभिव्यक्ति है। घुमका की जनता ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भाजपा की जनविरोधी नीतियां और जनसमस्याओं के प्रति सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैये को नकारते हुए कांग्रेस पर अपना विश्वास प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में मजबूत चुनावी रणनीति और संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा, जिसका परिणाम ऐतिहासिक विजय के रूप में सामने आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और जनसंपर्क का परिणाम है कि घुमका की जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा को अपना समर्थन दिया और ऐतिहासिक जीत दिलाई।
अनीस खान ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व विधायकगण तथा सरपंच रहते हुए फूलमती वर्मा द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों और जनसरोकारों को भी जनता ने स्वीकार किया है, जो इस परिणाम से स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है, यह जीत कांग्रेस की जनहितकारी राजनीति की जीत है।
प्रवक्ता अनीस खान ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने सत्ता, प्रशासनिक प्रभाव और सरकारी संसाधनों के सहारे चुनाव जीतने का पूरा प्रयास किया, लेकिन घुमका की जागरूक जनता ने लोकतंत्र की ताकत दिखाते हुए भाजपा की सभी कोशिशों को नकार दिया। घुमका के मतदाताओं ने अपने फैसले से बता दिया कि सत्ता के बल पर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के बल पर चुनाव जीते जाते हैं।
अनीस खान ने कहा कि घुमका का जनादेश केवल एक नगर पंचायत चुनाव का परिणाम नहीं है, बल्कि प्रदेश की राजनीति को भी स्पष्ट संदेश देता है कि जनता भाजपा से उब चुकी है और परिवर्तन चाहती है। यह विजय जनता के विश्वास, संगठन की एकजुटता और कांग्रेस के प्रति बढ़ते जनसमर्थन की मजबूत अभिव्यक्ति है।