बाढ़ प्रभावित 32 अधोसंरचनाओं की मरम्मत के लिए 5.69 करोड़ की स्वीकृति

Share This :

राजनांदगांव। जिले में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त 32 अधोसंरचनाओं की तात्कालिक मरम्मत के लिए आपदा राहत निधि मद से 5 करोड़ 69 लाख 58 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने यह स्वीकृति देते हुए कहा कि वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त अधोसंरचनाओं की मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन एवं मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

स्वीकृत कार्यों के तहत राजनांदगांव विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में एनीकट एवं तटबंध संरक्षण कार्यों के लिए 2 करोड़ 98 लाख 58 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है। इसमें भर्रेगांव, जंगलेशर-मोखला, धामनसरा-मोहड़, रातापायली, मोखली एवं दाउटोला सहित कई ग्राम शामिल हैं।

इसी तरह डीलापहरी, कुम्हालोरी, टेड़ेसरा, सिंघोला, कोपेडीह, भोथीपार खुर्द, रवेली, सांकरा, खैरा, जंगलेसर, खुटेरी, परमालकसा, ठाकुरटोला, कोटराभाठा, तोरनकट्टा एवं आरला सहित विभिन्न ग्रामों में 10-10 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

छुरिया विकासखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिया निर्माण कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इनमें अरजकुंड, जोंधरा एवं बोईरडीह सहित कई ग्राम शामिल हैं।

प्रशासन ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।