फोन पर दी शुभकामनाएं, परिजनों का भी बढ़ाया उत्साह; कहा— राजनांदगांव की बेटी ने विश्व मंच पर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव

राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स)। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में राजनांदगांव की होनहार खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह ने फोन पर ज्ञानेश्वरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर ज्ञानेश्वरी के परिजनों को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
डॉ. रमन सिंह ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी यादव ने पूरे विश्व में छत्तीसगढ़ महतारी का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल राजनांदगांव बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। ज्ञानेश्वरी का संघर्ष, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम वैश्विक खेल मंचों पर रोशन करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व डॉ. रमन सिंह ने अपने स्वेच्छानुदान मद से ज्ञानेश्वरी यादव को खेल प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। वहीं, उनकी अनुशंसा पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा भी ज्ञानेश्वरी को ₹5 लाख की सहायता उपलब्ध कराई गई थी, जिससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगी तैयारियों में मदद मिली।
ज्ञानेश्वरी यादव की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा, कठोर परिश्रम और समय पर मिले प्रोत्साहन के समन्वय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि से राजनांदगांव सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।
