शराब पीकर विवाद करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का फरार आरोपी भी चढ़ा हत्थे

Share This :

राजनांदगांव। सोमनी थाना पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बघेरा में आए दिन शराब के नशे में जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से विवाद करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया। इसके साथ ही हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बघेरा के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार शिकायत मिल रही थी कि गांव के कुछ युवक शराब पीकर आए दिन मोहल्ले में हुड़दंग और विवाद करते हैं। शिकायतों के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सोनल मंडावी (23 वर्ष) और खोमचंद साहू (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बघेरा को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।

हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार

एक अन्य मामले में सोमनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। वर्ष 2020 में दर्ज अपराध (धारा 307, 323, 294, 506, 34 भादवि) में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विजय सिंह साहू (30 वर्ष), निवासी रामनगर, दुर्ग के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट की तामीली करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाई जा रही इस मुहिम को लेकर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।