राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में जिले की प्रशिक्षित सूर्य सखियों को अब बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सौर उद्यमिता का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली सूर्य सखी दीदियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत ने सभी सूर्य सखियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में विद्युत विभाग, बैंक तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय लघु उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग तथा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत चयनित 90 सूर्य सखियों को नौ दिवसीय सौर उद्यमिता प्रशिक्षण शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्टेट हाई स्कूल) राजनांदगांव में दिया गया।
प्रशिक्षण के बाद सखी संकुल संगठन सोमनी को विक्रेता के रूप में पंजीकृत किया गया है। अब प्रशिक्षित सूर्य सखियां प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल के विक्रय एवं इंस्टॉलेशन का कार्य करेंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
