कॉमनवेल्थ मेडल विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का राजनांदगांव पुलिस ने किया सम्मान, छात्राओं से साधा सीधा संवाद

Share This :

राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतकर देश-प्रदेश का मान बढ़ाने वालीं छत्तीसगढ़ पुलिस की एएसआई ज्ञानेश्वरी यादव का राजनांदगांव पुलिस द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। पुलिस लाइन के मंगल भवन में “A Felicitation & Interaction Session for Girls and Women” का आयोजन कर ज्ञानेश्वरी का सम्मान किया गया, जहां उन्होंने जिले की छात्राओं और महिलाओं के साथ अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की।

कार्यक्रम में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, आईजी अजय यादव, एसपी अंकिता शर्मा, सीएसपी वैशाली जैन, डीएसपी मंजुला बाज समेत ज्ञानेश्वरी के माता-पिता विशेष रूप से मौजूद रहे।

संवाद सत्र की प्रमुख बातें:

सीमित संसाधनों से अंतरराष्ट्रीय मंच तक: ज्ञानेश्वरी ने बताया कि किस तरह कठिन परिस्थितियों में भी अनुशासन और परिवार के विश्वास के बल पर उन्होंने सफलता हासिल की।

चुनौती को दी मात: प्रतियोगिता के दौरान पीरियड्स का पहला दिन होने के बावजूद उन्होंने अद्भुत मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया और देश के लिए मेडल जीता।

गौरवशाली क्षण: उन्होंने कहा कि पदक समारोह के दौरान जब तिरंगा लहराया और राष्ट्रगान की धुन बजी, वह उनके जीवन का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण पल था।

समाज की बेटियों के लिए प्रेरणा
एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यात्रा से जिले की प्रत्येक बालिका और महिला में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा होगा। ज्ञानेश्वरी का छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार का हिस्सा होना पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम में सीए, अधिवक्ता, महिला उद्यमियों, जीटो वूमेन विंग और युगांतर व नीरज बजाज स्कूल की छात्राओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। अंत में अतिथियों ने ज्ञानेश्वरी और उनके माता-पिता को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।