अवैध शराब की तस्करी पर बसंतपुर पुलिस का एक्शन : 75 पौवा देशी शराब के साथ आदतन कोचिया गिरफ्तार, पल्सर बाइक जप्त

Share This :

राजनांदगांव। अवैध शराब और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 75 पौवा देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल (CG 07 CG 1178) जप्त की है। जप्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 56 हजार रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा

एसपी अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी वैशाली जैन के निर्देशन में बसंतपुर पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि एक युवक बाइक से अवैध शराब लेकर बेचने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

आदतन अपराधी है पकड़ा गया कोचिया

पकड़े गए आरोपी की पहचान पप्पू कुलदीप (27 वर्ष), निवासी डुमरडीह रोड ठेलकाडीह (जिला केसीजी) के रूप में हुई है। पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी के खिलाफ बसंतपुर, लालबाग थाना और चिखली चौकी में पहले भी आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजीव चन्द्रा, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, कुश बघेल समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही।