सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर डराने वाले दो शातिर गिरफ्तार, तुमड़ीबोड़ पुलिस ने भेजा जेल

Share This :

राजनांदगांव। सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों के खिलाफ तुमड़ीबोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे दोनों युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों के पास से धारदार चाकू और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

ग्राम खम्हेरा में दी थी दबिश, पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर को ग्राम खम्हेरा से सूचना मिली कि एक बाइक में सवार दो युवक पुरानी रंजिश को लेकर खुलेआम चाकू दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। खबर मिलते ही तुमड़ीबोड़ चौकी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ लिया।

लोहे का चाकू और बाइक जब्त

पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली, तो मुख्य आरोपी कामेश्वर साहू के कब्जे से लोहे के पट्टे से बना धारदार चाकू बरामद हुआ। वहीं वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 LD 7061) आरोपी देवेंद्र साहू से जब्त की गई।

अदालत में पेशी के बाद भेजा जेल

पकड़े गए आरोपियों में कामेश्वर साहू (38 वर्ष) और देवेंद्र साहू (27 वर्ष) शामिल हैं, जो ग्राम कोहिलापुरी (चौकी चिचोला) के निवासी हैं। सार्वजनिक स्थान पर भय का माहौल पैदा करने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, एएसआई चुन्नीलाल साहू, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, आरक्षक लोकेश साहू एवं चंद्रशेखर यादव की सराहनीय भूमिका रही।