मवेशियों के अवैध परिवहन पर सोमनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 18 भैंस बरामद, 8.80 लाख का माल जब्त

Share This :

राजनांदगांव। मवेशियों की अवैध तस्करी पर सोमनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नग भैंसों से भरा आईशर वाहन जब्त किया है। पुलिस ने मामले में दुर्ग निवासी एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में रविवार को ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान दुर्ग की ओर से आ रहे संदिग्ध टाटा आईशर वाहन (CG-15-DZ-4514) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन यू-टर्न कर भागने की कोशिश की, लेकिन ग्राम टेडेसरा के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।

भंडारा (महाराष्ट्र) ले जाए जा रहे थे मवेशी
पुलिस ने घेराबंदी कर चालक संगीत मधुकर उर्फ टेटे (30 वर्ष), निवासी भिलाई-3 (दुर्ग) को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी राजू पारधी (निवासी बुचीडीह) के साथ 18 भैंसों को क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र के भंडारा ले जा रहा था।

आरोपी जेल दाखिल, साथी की तलाश जारी
पुलिस ने 1.80 लाख रुपये मूल्य की 18 भैंसें और 7 लाख रुपये कीमत का आईशर वाहन (कुल मशरूका 8.80 लाख रुपये) जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले के दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दुलेश्वर साहू, बद्रीनाथ दिनकर, आरक्षक तुषार मरकाम व मनोज ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।