डोंगरगांव। राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती मंजुलता बाज के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध शराब का परिवहन करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
जानकारी के अनुसार 14 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल में कोनारी मेन रोड के जरिए अवैध रूप से बिक्री के लिए शराब ले जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और सुपर स्प्लेंडर बाइक (क्रमांक CG 08 AX 4399) को रोककर चालक को हिरासत में लिया।
तालाशी में मिली शराब, कुल 44,640 रुपये का सामान जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप देवांगन (38 वर्ष), निवासी अर्जुनी बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके पास रखे बैग से 58 पौवा (10.440 लीटर) देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4,640 रुपये आंकी गई है। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज पेश न कर पाने पर पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल की गई 40,000 रुपये कीमत की सुपर स्प्लेंडर बाइक सहित कुल 44,640 रुपये का माल जब्त किया।
आरोपी के खिलाफ थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 281/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
