नगर निगम में गणेश समितियों की बैठक : पंडालों में स्वच्छता रखने और पॉलि-पापर का उपयोग न करने की अपील

Share This :

राजनांदगांव। गणेशोत्सव के दौरान पंडालों में स्वच्छता और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम सभागृह में मंगलवार को गणेश समितियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एडीएम सी.एल. मारकंडे, एसडीएम गौतम पाटिल, सीएसपी वैशाली जैन और एसडीओपी सत्यप्रकाश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में पंडालों व रैलियों में पॉलि-पापर का उपयोग बंद करने, सुप्रीम कोर्ट व एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पालन करने और रात 10 बजे के बाद डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न करने की अपील की गई।

पॉलि-पापर की जगह फूलों की पंखुड़ियों का करें इस्तेमाल
आयुक्त जी.आर. मरकाम ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। गणेश आगमन के दौरान इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक पॉलि-पापर सड़कों पर चिपक जाता है और 50 वर्षों तक नष्ट नहीं होता, जिससे सफाई कर्मियों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने इसके स्थान पर गुलाब की पंखुड़ियों का उपयोग करने का सुझाव दिया।

आयुक्त ने बताया कि राजनांदगांव ने स्वच्छता रैंकिंग में देश में 14वां स्थान प्राप्त किया है। इंदौर की तर्ज पर इस बार शहर को टॉप-10 में लाने का लक्ष्य है। जिला प्रशासन द्वारा शहर के शीर्ष-3 स्वच्छ गणेश पंडालों को सम्मानित व पुरस्कृत भी किया जाएगा।

सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश:

डीजे पर सख्ती: एसडीएम और एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। तेज आवाज से बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

यातायात व पार्किंग: सीएसपी वैशाली जैन ने पंडालों के आसपास चार पहिया वाहनों की पार्किंग न कराने की हिदायत दी। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के 20 प्रमुख चौराहों पर स्टॉपर और बैरिकेड्स लगाए गए हैं।

समितियों की समस्याएं व समाधान: समितियों द्वारा झांकी मार्ग में सुरजन गली के पास लाइट, पेड़ की डालियों और बिजली के ट्रांसफार्मर की समस्या बताई गई, जिस पर अधिकारियों ने विद्युत मंडल द्वारा सुधार कराने तथा सुरजन गली से भीड़ नियंत्रण का भरोसा दिलाया।

प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा ने आभार व्यक्त करते हुए सभी गणेश समितियों से उत्सव को शांतिपूर्ण व स्वच्छ वातावरण में मनाने में सहयोग की अपील की।