राजनांदगांव। कार्यस्थल पर अनुशासनहीनता और शराब के नशे में ड्यूटी पर पहुंचने के गंभीर मामलों में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर डोंगरगांव विकासखंड के प्राथमिक शाला मलईडबरी के प्रधान पाठक रणजीत लाल धुर्वे और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय डोंगरगढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 संतोष कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
स्कूल में शराब लाने पर प्रधान पाठक नापे
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, प्राथमिक शाला मलईडबरी के प्रधान पाठक रणजीत लाल धुर्वे 15 सितंबर को शराब लेकर शाला में उपस्थित हुए थे। संकुल प्राचार्य और समन्वयक द्वारा ग्रामीणों की मौजूदगी में घटना की सत्यता की पुष्टि की गई। पूछताछ के दौरान संबंधित द्वारा रिश्तेदारों पर बात डालने की कोशिश की गई, लेकिन परिजनों ने इस संबंध में अनभिज्ञता जताई। डीईओ ने इसे शिक्षकीय गरिमा के विपरीत, घोर लापरवाही और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय राजनांदगांव तय किया गया है।
स्टाफ से अभद्रता पर क्लर्क निलंबित
इसी तरह डोंगरगढ़ बीईओ कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 संतोष कुमार यादव पर शराब के नशे में दफ्तर आने, स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार करने और बिना पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप सिद्ध हुए हैं। अधिकारियों द्वारा बार-बार कारण बताओ नोटिस जारी करने और समझाइश देने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं आया। इस कदाचरण पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय डोंगरगांव नियत किया गया है।
