राजनांदगांव में भव्य जनजातीय गौरव दिवस : मेडिकल कॉलेज में जल्द शुरू होगी एमआरआई मशीन, स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने की कई घोषणाएं

Share This :

राजनांदगांव। शहर के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आज भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष್ಯ में जिला स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस भव्य समारोह में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पारंपरिक बायसन हॉर्न मुकुट पहनाकर स्वास्थ्य मंत्री का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया। इस दौरान मंत्री ने क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और नई सौगातों की घोषणा
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राजनांदगांव के स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने की घोषणा करते हुए कहा कि राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में एमआरआई मशीन की स्थापना के लिए स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसकी सुविधा जल्द ही मरीजों को मिलने लगेगी। इसके साथ ही, जिले में नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज भी शुरू किया जाएगा, जिसमें आगामी शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई शुरू करने की योजना है।

जनजातीय क्षेत्र के लोगों की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने बूचाटोला क्षेत्र के लिए 24 घंटे के भीतर नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

जनजातीय समाज देश की पहचान और गौरव: मंत्री जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय समाज छत्तीसगढ़ की असली पहचान और गौरव है। प्रकृति प्रेम, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और समृद्ध संस्कृति को सहेजने में इस समाज का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती और सिद्धू-कान्हू के बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन महानायकों ने समाज को स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी है।

उन्होंने केंद्र सरकार की ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ और ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत वनांचल क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश व प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मंच से इन दिग्गजों ने भी रखे विचार
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि जनजातीय वीरों ने देश की आजादी में अमूल्य योगदान दिया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल रहा है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल रही है।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन जैसी सौगातें मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।

राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एमडी ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई है, जिससे जनजातीय समुदाय के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

हितग्राहियों को सामग्री वितरण और सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ‘निक्षय पोषण योजना’ के तहत 5 जनजातीय समूहों के हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से कुल 24,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। इसके अलावा, 5 हितग्राहियों को निःशुल्क उपचार हेतु आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, मेधावी विद्यार्थियों और महिलाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, जनपद अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।