राजनांदगांव। पंडित शिव कुमार शास्त्री कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के तत्वावधान में ‘ऑयल पाम की खेती पर अल नीनो का प्रभाव एवं उसके शमन के उपाय’ विषय पर तकनीकी संवाद व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने जलवायु अनुकूल खेती और प्रतिकूल मौसम से फसल को बचाने के वैज्ञानिक उपायों पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में आईसीएआर-भारतीय ऑयल पाम अनुसंधान संस्थान (पेदावेगी, आंध्र प्रदेश) के डॉ. जी रविचंद्रन, डॉ. एमवी प्रसाद और डॉ. के मनोरमा ने गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री के उत्पादन, अनुशंसित उत्पादन तकनीकों व कृषि कार्यमालाओं पर विस्तार से बताया। उन्होंने अल नीनो के कारण ऑयल पाम की खेती पर पड़ने वाले प्रभाव और उनसे निपटने के व्यावहारिक व वैज्ञानिक शमन उपायों के बारे में मार्गदर्शन दिया। तकनीकी सत्रों में जलवायु-अनुकूल खेती की पद्धतियों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (दुर्ग) के अनुसंधान सेवा निदेशक डॉ. जितेंद्र सिंह, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. यूबी देशमुख, उद्यानिकी विभाग के संयुक्त संचालक सुरेश कुमार ठाकुर और सहायक संचालक आरके मेहरा के साथ ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, विद्यार्थी व तकनीकी कर्मचारी मौजूद रहे।
