धान की कमाई से संवरे किसान राजू साहू के सपने, खरीदा ट्रैक्टर और बनाया नया घर

Share This :

राजनांदगांव। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तुमड़ीबोड़ के किसान राजू साहू ने धान की खेती से हुई आमदनी से ट्रैक्टर व कृषि उपकरण खरीदने के साथ अपना नया पक्का मकान भी बनवाया है। उनकी यह सफलता खेती को आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि का जरिया बनाने की कहानी बयां करती है।

राजू साहू ने बताया कि वे गुरुवार को तुमड़ीबोड़ धान उपार्जन केंद्र में 50 क्विंटल धान बेचने पहुंचे। उनके पास साढ़े सात एकड़ स्वयं की जमीन है, इसके अलावा वे रेगहा व अधिया पर भी जमीन लेकर खेती करते हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन मिलने से अब समिति के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे समय और मेहनत बच रही है। केंद्र में पेयजल, छांव, हमालों और समिति कर्मचारियों के सहयोग से धान तौलाई व छल्ली लगाने का काम सुचारू रूप से हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान बेचने से मिली राशि व योजनाओं के लाभ से उन्होंने ट्रैक्टर, अन्य कृषि उपकरण खरीदे और परिवार के लिए नया घर भी बनाया। राजू साहू खरीफ में धान के साथ रबी सीजन में कम पानी वाली दलहन फसलें भी उगाते हैं, जिससे पानी की बचत के साथ अतिरिक्त आय होती है। उन्होंने पीएम-आशा के तहत दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता को किसानों के लिए मददगार बताया। ट्रैक्टर आने से खेती के काम समय पर पूरे हो रहे हैं। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं और किसान योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।