चिचोला बस स्टैंड में पुलिस की कार्रवाई, महाराष्ट्र की दो महिलाएं 8.224 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार

Share This :

राजनांदगांव। नशा मुक्त अभियान के तहत चिचोला पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8.224 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 4 लाख 500 रुपये आंकी गई है। दोनों महिलाएं महाराष्ट्र की रहने वाली हैं और बस से गांजा लेकर चिचोला बस स्टैंड पहुंची थीं।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर की ओर से बस से दो संदिग्ध महिलाएं अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर चिचोला बस स्टैंड आई हैं और ग्राहक तलाश रही हैं। सूचना पर एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर और एसडीओपी (डोंगरगढ़) केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में चिचोला चौकी पुलिस ने बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध अवस्था में मिली दो महिलाओं को रोककर तलाशी ली गई। उनकी पहचान आशा सुनील काडे (28 वर्ष), निवासी बोरगांव, जिला बीड (महाराष्ट्र) और गौरी भगवान काले (45 वर्ष), निवासी शिरडी, जिला अहमदनगर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से दो पिट्ठू बैग मिले, जिनके भीतर खाकी टेप से लिपटे चार पैकेट में कुल 8.224 किलो गांजा बरामद किया गया। इसमें आशा सुनील काडे के पास से 4.110 किलो और गौरी भगवान काले के पास से 4.114 किलो गांजा मिला।

आरोपियों के खिलाफ चौकी चिचोला (थाना छुरिया) में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव समेत सुनील वर्मा, हरण लाल जगनीत, कुसुम एक्का, रमेश कतलम और गजेन्द्र भारद्वाज की भूमिका रही।