दुर्गम वनांचल के ग्राम सुडियाल तक पहुंचेगी बिजली, 44.40 लाख से हो रहा लाइन विस्तार

Share This :

मोहला। विकासखंड मानपुर के सुदूर व दुर्गम वनांचल में बसे ग्राम सुडियाल तक बिजली पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा विद्युतीकरण कार्य कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री मजराटोला योजना के तहत 44 लाख 40 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य में 7.5 किलोमीटर 11 केवी विद्युत लाइन, 550 मीटर एलटी लाइन और 25 केवीए क्षमता का एक वितरण ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। परियोजना का करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि 40 प्रतिशत कार्य प्रगति पर है।

मोटरसाइकिल से दुर्गम रास्तों पर पहुंचे अधिकारी, लिया जायजा

ग्राम सुडियाल की कठिन भौगोलिक स्थिति और घने जंगलों के बीच पहुंच मार्ग की चुनौतियों को देखते हुए राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम व अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर ने स्वयं मोटरसाइकिल से क्षेत्र में पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने बसाहट, प्रस्तावित लाइन मार्ग और कार्यस्थल के हालात का जायजा लिया तथा तकनीकी व मैदानी दिक्कतों की जानकारी ली। इस दौरान कार्यपालन अभियंता (मोहला संभाग) अनिल कुमार रामटेके, सहायक अभियंता शिरीश कुमार मिलिंद सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कठिन परिस्थितियों के बीच जारी है काम

घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण यहां निर्माण सामग्री पहुंचाने, लाइन के लिए रास्ता बनाने और काम की गति बनाए रखने में कई बाधाएं आ रही हैं। इसके बावजूद मैदानी अमला पूरी तत्परता के साथ काम में जुटा है। मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने कहा कि दुर्गम इलाकों के परिवारों तक बिजली पहुंचाना कंपनी की प्राथमिकता है। काम पूरा होने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और आजीविका से जुड़ी जरूरतों को सहारा मिलेगा। उन्होंने मैदानी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हर बसाहट तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है।