अवैध मुरूम उत्खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एक जेसीबी और हाईवा वाहन जब्त

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के स्पष्ट निर्देशों के बाद राजनांदगांव जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में छुरिया तहसील के ग्राम सड़क चिरचारी में अवैध रूप से मुरूम का उत्खनन किए जाने की सूचना मिलने पर तहसीलदार छुरिया श्रीमती आकांक्षा साहू ने तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर औचक जांच की।

जांच के दौरान मौके पर अवैध मुरूम उत्खनन का मामला सही पाया गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन और एक हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है। जप्त किए गए वाहन और मशीन के खिलाफ खनिज नियमों के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर के सख्त निर्देश हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखी जाए और उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध उत्खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है, और अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।