राजनांदगांव। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के अनुरूप छुरिया विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुचाटोला को 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस की बड़ी सौगात मिल गई है। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय परिसर से इस नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बुचाटोला के लिए रवाना किया। इस एंबुलेंस के मिलने से अब बुचाटोला और उसके आसपास के दर्जनों ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने राजनांदगांव प्रवास के दौरान आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों व जनप्रतिनिधियों की मांग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुचाटोला के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। मंत्री की इस घोषणा पर बेहद कम समय में अमल करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यह सुविधा मुहैया कराई है। इस एंबुलेंस के संचालन से क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुँचाने में बहुत सहूलियत होगी।
एंबुलेंस रवाना करने के इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, जिला पंचायत सभापति श्रीमती भीरम बाई मंडावी, नगर निगम सभापति श्री पारस वर्मा, विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष अग्रवाल, श्री खूबचंद पारख, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री सैंकी बग्गा, श्री सुमित भाटिया, डॉ. अरविंद सिन्हा, श्री राजेश श्यामकर, श्री तरुण लहरवानी, श्री आकाश चोपड़ा, श्री मनोज निरवानी सहित नगर निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरत्न, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, 108 संजीवनी एक्सप्रेस के डिविजनल कोऑर्डिनेटर श्री आसिफ खान, जिला समन्वयक श्री पवन साहू और बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
