डोंगरगढ़। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने लेडीज जॉब पुलिया के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 32 पाव देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार धरपकड़ की जा रही है। इसी अभियान के तहत 14 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बछेराभाठा निवासी सीताराम मंडावी अपनी मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस की टीम ने तत्काल लेडीज जॉब पुलिया के पास नाकेबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल के पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
थैले से बरामद हुई 32 पाव शराब, वाहन भी जब्त
पुलिस टीम ने जब रोके गए युवक सीताराम मंडावी (27 वर्ष, निवासी बछेराभाठा) की तलाशी ली, तो उसकी मोटरसाइकिल पर टंगे भूरे रंग के थैले से 32 पाव 36 मसाला देशी शराब बरामद हुई। जब्त की गई कुल 5.760 बल्क लीटर शराब की कीमत 3,200 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल हो रही मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-08-BD-5112) कीमत करीब 20,000 रुपये को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने कुल 23,200 रुपये का मशरूका जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 400/2026 धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
इस टीम का रहा सराहनीय योगदान
अवैध शराब परिवहन करने वाले आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने की इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) कुरैशी, आरक्षक मिलकन वाल्टर, कांता प्रसाद, किसन चन्द्रा एवं इन्द्रभान की सक्रिय भूमिका व विशेष योगदान रहा।
