महापौर परिषद की बैठक में विकास कार्यों को मिली हरी झंडी : पाइपलाइन विस्तार, नाला निर्माण और निगम की दुकानों के जीर्णोद्धार पर लगी मुहर

Share This :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम के विकास कार्यों को गति देने के लिए बुधवार को महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में निगम कार्यालय के महापौर कक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में शहर विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर गहन चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया गया। बैठक में बुनियादी ढांचागत निर्माण, जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार, जर्जर दुकानों के कायाकल्प सहित कई लोक-कल्याणकारी एजेंडों को हरी झंडी दी गई।

इन प्रमुख प्रस्तावों पर महापौर परिषद ने लगाई मुहर
बैठक के निर्णयों के संबंध में जानकारी देते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि बजट प्रावधानों के अनुसार शहर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए लखोली, कन्हारपुरी से मोहारा बाईपास तक तथा रेवाड़ीह चौक से गोकुल नगर तक नाला निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इसके लिए जल्द ही निविदा (टेंडर) आमंत्रित की जाएगी। इसके अतिरिक्त शहर की पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए नई पाइपलाइन के विस्तार और मुख्य लाइनों में इंटर कनेक्शन के कार्यों को भी मंजूरी दी गई है।

56 दुकानों का होगा कायाकल्प
महापौर ने बताया कि निगम स्वामित्व की संपत्तियों के रखरखाव की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए टाउन हॉल परिसर (जी.ई. रोड) के किनारे स्थित 38 दुकानों और कस्तूरबा महिला मंडल रोड की 18 दुकानों के जीर्णोद्धार कार्य को भी प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इससे जर्जर हो चुकी दुकानों की स्थिति सुधरेगी और निगम को मिलने वाले राजस्व में भी स्थायित्व आएगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं और नियुक्तियों पर भी बनी सहमति
बैठक में विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक विषयों पर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए:

वित्तीय सहायता: राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि देने तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के नए हितग्राहियों को पेंशन राशि जारी करने की अनुशंसा की गई।

भर्ती व प्रमाण पत्र: आंगनबाड़ी सहायिका और पालना सहायिका की नियुक्ति, जाति प्रमाण पत्र के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने का निर्णय लिया गया।

राजस्व मामले: मवेशी बाजार की नीलामी में प्राप्त उच्चतम बोली को स्वीकृति दी गई। साथ ही मोबाइल टावर एवं भूमिगत केबल बिछाने पर संपत्तिकर लगाने के संबंध में भी चर्चा की गई। इसके अलावा दुकानों की लीज अवधि बढ़ाने और नामांतरण के प्रकरणों का निपटारा किया गया।

बैठक में यह रहे उपस्थित
बैठक में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, सुनील साहू, राजेश जैन रानू, बीना ध्रुव, शैंकी बग्गा, केवरा विजय राय, वर्षा शरद सिन्हा, आलोक श्रोती, डीलेश्वर प्रसाद साहू और राजा माखीजा उपस्थित थे। प्रशासनिक अधिकारियों में कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, यू.के. रामटेके, प्रणय मेश्राम, ज्योति साहू, गरिमा वर्मा, सुषमा साहू, राजस्व अधिकारी मोबिन अली, हितेश ठाकुर, राकेश नंदे, राजेश मिश्रा और नारायण यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।