राजनांदगांव। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) टेड़ेसरा में नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों के लिए 3 और 4 अगस्त को दो दिवसीय ‘नव कौशल पथ, नई राह, नया हुनर’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण के साथ रोजगार, स्वरोजगार, अप्रेंटिसशिप और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के प्राचार्य एसआर डोंगरे ने नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत कर की। उन्होंने औद्योगिक प्रशिक्षण के महत्व और प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी। विभिन्न विषयों पर पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया।
सीटीएस से लेकर डिप्लोमा में लेटरल एंट्री तक समझाया
पहले दिन प्रभारी प्रशिक्षण अधीक्षक एवं प्रशिक्षण अधिकारी हेमलता चंदाने ने प्रशिक्षणार्थियों को संस्था और प्रशिक्षण की जानकारी दी। ममता बंजारे ने क्राफ्ट्समेन ट्रेनिंग स्कीम (सीटीएस), भारती देवांगन ने अप्रेंटिसशिप एक्ट एवं एनएपीएस, अनीश कुमार लाजरस ने परीक्षा और कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) की प्रक्रिया समझाई।
नटवर लाल कटेन्द्र ने आईटीआई उत्तीर्ण करने के बाद डिप्लोमा पाठ्यक्रम में लेटरल एंट्री के अवसरों की जानकारी दी। वहीं निष्ठा वाधवा ने राज्य की विभिन्न संस्थाओं में संचालित योजनाओं के बारे में बताया।
रोजगार और उद्योगों में अवसरों पर काउंसलिंग
कार्यक्रम के दूसरे दिन जिला रोजगार कार्यालय की शुभी जग्गी, संजय और कुरैशी ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को काउंसलिंग एवं करियर मार्गदर्शन दिया। संस्था के अवधेश गुप्ता ने प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रोजगार के अवसरों की जानकारी दी, जबकि नोहर सिंह ने विभिन्न उद्योगों में उपलब्ध संभावनाओं से अवगत कराया।
औद्योगिक प्रतिष्ठान जैन एग्रो, कोपेडीह के प्रबंधक अनिमेष जैन ने प्रशिक्षणार्थियों को उद्योगों में काम करने के तौर-तरीकों और उद्यमशीलता बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम का संचालन भारती देवांगन और निष्ठा वाधवा ने किया।
